सिद्धार्थनगर में मंदिर में चोरी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार:मंदिर की दानपेटी से चोरी 3 लाख रुपए नकदी बरामद

8
Advertisement

सिद्धार्थनगर के इटवा थाना क्षेत्र स्थित गालापुर मंदिर की दानपेटी से हुई चोरी की घटना का पुलिस ने सफल खुलासा कर दिया है। थाना इटवा पुलिस और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनके कब्जे से लगभग तीन लाख रुपये की चोरी की गई नकदी बरामद की गई है। यह चोरी 21/22 जनवरी 2026 की रात को हुई थी, जब अज्ञात चोरों ने गालापुर मंदिर की दानपेटी का ताला तोड़कर उसमें रखी नकदी चुरा ली थी। घटना की जानकारी मिलने पर थाना इटवा में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। चोरी की घटना के बाद पुलिस ने सर्विलांस की मदद से आरोपियों की तलाश तेज कर दी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन, अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार प्रसाद और क्षेत्राधिकारी इटवा पवीन प्रकाश के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक रवीन्द्र सिंह के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय सूचनाओं के आधार पर पुलिस टीम ने ग्राम लटेरा में दबिश दी। 25 जनवरी 2026 को थाना इटवा क्षेत्र के ग्राम लटेरा से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से मंदिर की दानपेटी से चोरी की गई करीब तीन लाख रुपए की नकदी बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सूरज यादव पुत्र रामकिशन और राजेश वर्मा पुत्र जुगजोधन, निवासी ग्राम लटेरा, थाना इटवा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, बरामदगी और गिरफ्तारी के आधार पर मामले में अतिरिक्त धाराएं जोड़ी गई हैं। दोनों आरोपियों को आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद न्यायालय में पेश किया गया। इस सफल कार्रवाई में थाना इटवा पुलिस के साथ सर्विलांस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक रवीन्द्र सिंह के साथ उपनिरीक्षक हरेन्द्र चौहान, हेमराज वर्मा, अनिल कुमार ओझा सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
Advertisement