श्रावस्ती जिले में 16वां राष्ट्रीय मतदाता दिवस धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी अश्विनी कुमार पाण्डेय ने कलेक्ट्रेट में अधिकारियों, कर्मचारियों और छात्र-छात्राओं को मतदाता शपथ दिलाई। जिले के सभी सरकारी कार्यालयों और शिक्षण संस्थानों में भी शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किए गए। शपथ ग्रहण के बाद जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट परिसर से राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर आयोजित जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। जूनियर हाईस्कूल भिनगा में भी राष्ट्रीय मतदाता दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यहां माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। इस दौरान उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों और छात्र-छात्राओं को मतदाता शपथ दिलाई गई। कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय हरिहरपुररानी की छात्राओं ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम के दौरान मतदाता पुनरीक्षण कार्यक्रम 2025-26 में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 09 बीएलओ और 04 सुपरवाइजरों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वाले बीएलओ में संजय सिंह यादव, प्रवीन कुमार पाण्डेय, सोनेन्द्र नागर, महरूननिशां, प्रमीश कुमार, ममता देवी, अरविन्द कुमार, रविकुमार मिश्रा और प्रतिमा पटेल शामिल थे। सुपरवाइजरों में शिव प्रताप यादव, अजय शंकर मौर्य, प्रमोद सिंह और मो0 अनवर खान को सम्मानित किया गया। साथ ही, 05 युवा मतदाताओं को उनके मतदाता पहचान पत्र भी वितरित किए गए। इसके अतिरिक्त, प्रदेश स्तर पर सुपरवाइजर वृक्ष राम वर्मा तथा बीएलओ विवेक पटेल और दीपक कुमार गुप्ता को लखनऊ में सम्मानित किए जाने की जानकारी दी गई। राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर वृहद मानव श्रृंखला, मतदाता जागरूकता दौड़, परेड, रैली, स्लोगन लेखन, निबंध लेखन और नुक्कड़ नाटक जैसी विभिन्न प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया। इन प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को जिलाधिकारी द्वारा सम्मानित किया गया। दिव्यांग मतदाताओं को मतदान केंद्रों पर उपलब्ध सुविधाओं के बारे में भी जागरूक किया गया। जिलाधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि लोकतंत्र की मजबूती में मतदान की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने जोर दिया कि भारत निर्वाचन आयोग का उद्देश्य है कि कोई भी पात्र मतदाता लोकतंत्र के इस महापर्व में भाग लेने से वंचित न रहे, और प्रत्येक नागरिक को अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करना चाहिए।





















