धनेश श्रीवास्तव मेमोरियल फुटबॉल प्रतियोगिता: फुलमनहा और महराजगंज ने फाइनल में बनाई जगह – Brijmanganj(Maharajganj) News

7
Advertisement

रामनाथ उमाशंकर इंटर कॉलेज फुलमनहा के खेल मैदान पर धनेश श्रीवास्तव मेमोरियल राज्य स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता का तीसरा दिन रोमांचक रहा। इस दिन तीन मुकाबले खेले गए, जिनमें टीमों ने कड़ा संघर्ष और शानदार खेल का प्रदर्शन किया। दिन के मैचों के बाद फुलमनहा और महराजगंज की टीमों ने प्रतियोगिता के फाइनल में अपनी जगह बना ली है। प्रतियोगिता के तीसरे दिन के मैचों का शुभारंभ उद्घाटन समारोह से हुआ। इस अवसर पर पूर्व कैबिनेट मंत्री अमर मणि त्रिपाठी, नौतनवा के पूर्व विधायक अमन मणि त्रिपाठी, पूर्व मंत्री श्याम नारायण तिवारी, समाजवादी पार्टी के नेता दिलीप चौधरी और नगर पंचायत बृजमनगंज के चेयरमैन राकेश जायसवाल विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उन्हें खेल भावना से खेलने का आह्वान किया। दिन का पहला मुकाबला भैया फरेंदा और बलरामपुर की टीमों के बीच खेला गया। भैया फरेंदा की टीम ने शुरू से ही आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए बलरामपुर को 2-0 से पराजित किया। दूसरा मुकाबला महराजगंज और बलरामपुर के बीच हुआ, जिसमें दोनों टीमों ने कड़ा संघर्ष किया। निर्धारित समय तक यह मैच 2-2 की बराबरी पर समाप्त हुआ। अंक तालिका में पांच अंक प्राप्त करने के कारण महराजगंज की टीम ने फाइनल में प्रवेश किया। तीसरा और निर्णायक मुकाबला फुलमनहा और भैया फरेंदा के बीच खेला गया। यह मैच बेहद रोमांचक रहा। गोल एवरेज के आधार पर फुलमनहा को तीन अंक मिले, जिससे टीम ने फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। मैचों में रहमतुल्लाह ने रेफरी की भूमिका निभाई, जबकि अयूब सहायक रेफरी रहे। शाहबान अली और सोनू यादव ने आंखों देखा हाल सुनाकर दर्शकों का उत्साह बनाए रखा। प्रतियोगिता के दौरान बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते दिखे। इस अवसर पर सभासद झीनक विश्वकर्मा, दिलीप यादव, सभासद धर्मेंद्र चौरसिया, पाले प्रधान, पूर्व प्रधान अमित पासवान, बबलू चौरसिया, शहाबुद्दीन खान, अभय पासवान सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक और जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
Advertisement