राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर उत्कृष्ट सुपरवाइजर सम्मानित: पयागपुर में हुआ आयोजन, गर्व और प्रेरणा का विषय – chiraiya tod (Payagpur) News

5
Advertisement

राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर आज दिनांक 25 जनवरी को तहसील पयागपुर परिसर में एक गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर श्रीमान उपजिलाधिकारी (SDM) पयागपुर महोदय द्वारा निर्वाचन कार्यों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले सुपरवाइजर श्री नरेंद्र कुमार मिश्र को उत्कृष्ट सुपरवाइजर सम्मान से सम्मानित किया गया। एसडीएम महोदय ने उन्हें प्रशस्ति पत्र एवं साल भेंट कर सम्मानित किया और उनके कार्यों की सराहना की। उल्लेखनीय है कि श्री नरेंद्र कुमार मिश्र विधान सभा क्षेत्र 287 पयागपुर के भाग संख्या 341 से 350 तक सुपरवाइजर के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। इस दौरान उनके द्वारा मतदाता सूची के पुनरीक्षण, नए मतदाताओं के नाम जोड़ने, त्रुटि सुधार, मृतक एवं स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटाने जैसे महत्वपूर्ण कार्यों को पूरी निष्ठा, पारदर्शिता एवं समयबद्ध तरीके से संपन्न कराया गया। उनके कार्यों की गुणवत्ता और अनुशासन को देखते हुए प्रशासन द्वारा उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एसडीएम महोदय ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती में शुद्ध एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची की अहम भूमिका होती है। इसमें सुपरवाइजरों का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण होता है। श्री मिश्र ने अपने दायित्व क्षेत्र में निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए सराहनीय कार्य किया है, जो अन्य कर्मचारियों के लिए प्रेरणास्रोत है। इस अवसर पर तहसीलदार पयागपुर सहित निर्वाचन से जुड़े अधिकारी, कर्मचारी एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने श्री मिश्र को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वक्ताओं ने कहा कि राष्ट्रीय मतदाता दिवस का उद्देश्य नागरिकों में मतदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना और लोकतांत्रिक प्रक्रिया को सशक्त बनाना है। ऐसे में ईमानदारी और मेहनत से कार्य करने वाले कर्मचारियों का सम्मान प्रशासन की सकारात्मक सोच को दर्शाता है। सम्मान प्राप्त करने के बाद श्री नरेंद्र कुमार मिश्र ने कहा कि यह सम्मान उनके लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है। उन्होंने इसके लिए आदरणीय एसडीएम महोदय एवं तहसीलदार साहब का हृदय से आभार व्यक्त किया। साथ ही उन्होंने अपनी पूरी टीम और सहयोगी कर्मचारियों को भी धन्यवाद दिया, जिनके सहयोग से यह उपलब्धि संभव हो सकी।
Advertisement