खेसरहा पुलिस का सघन चेकिंग अभियान:बाजारों, चौराहों और सीमावर्ती क्षेत्रों में बढ़ाई सुरक्षा

4
Advertisement

सिद्धार्थनगर जनपद में आगामी गणतंत्र दिवस को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। खेसरहा पुलिस ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करते हुए बाजारों, प्रमुख चौराहों और सीमावर्ती क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने पैदल गश्त कर आम जनता को सुरक्षा का भरोसा दिलाया। रविवार देर शाम खेसरहा थाना क्षेत्र के प्रमुख बाजारों में पुलिस बल ने फ्लैग मार्च किया। पुलिस अधिकारियों ने संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की गहनता से जांच की। उन्होंने लोगों से शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील भी की। अभियान के तहत दोपहिया और चारपहिया वाहनों की चेकिंग के साथ-साथ सार्वजनिक स्थानों पर घूम रहे संदिग्ध लोगों से पूछताछ भी की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन के निर्देश पर और अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार प्रसाद के नेतृत्व में जिले के सभी क्षेत्राधिकारियों और थाना प्रभारियों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। पुलिस प्रशासन ने रेलवे स्टेशनों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। थाना प्रभारी अनूप कुमार मिश्रा ने बताया कि गणतंत्र दिवस के मद्देनजर सीमावर्ती इलाकों पर विशेष नजर रखी जा रही है। इसके साथ ही खुफिया तंत्र को भी सक्रिय कर दिया गया है। आम नागरिकों से अपील की गई है कि यदि कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचित करें। खेसरहा पुलिस का यह सघन चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेगा। इसका उद्देश्य गणतंत्र दिवस के अवसर पर क्षेत्र में शांति, सौहार्द और सुरक्षा का माहौल बनाए रखना है।
यहां भी पढ़े:  मध्य नगर में 10 साल पुरानी नाली का निर्माण:ग्रामीणों को जलभराव और गंदगी से मिल रही थी समस्या, अब राहत
Advertisement