शोहरतगढ़ में शिक्षिकाओं ने विधायक को सौंपा ज्ञापन:स्थानांतरण नीति और गृह जनपद तैनाती की मांग उठाई

0
6

शोहरतगढ़ में बेसिक शिक्षा विभाग की शिक्षिकाओं ने रविवार को विधायक विनय वर्मा को ज्ञापन सौंपा। शिक्षिकाओं ने प्रतिवर्ष वरिष्ठता आधारित स्थानांतरण की स्थायी नीति और सत्र 2026-27 के ग्रीष्मावकाश में सामान्य अंतर्जनपदीय स्थानांतरण की मांग की। विधायक ने मुख्यमंत्री से मिलकर आकांक्षी जनपद की महिला शिक्षिकाओं की समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया। यह मुलाकात उत्तर प्रदेश महिला शिक्षक संघ की जिलाध्यक्ष सुषमा सिंह और जिला महामंत्री रश्मि जायसवाल के नेतृत्व में हुई। शिक्षिकाओं ने विधायक को छह सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। इसमें स्थानांतरण की स्थायी नीति और प्रतिवर्ष स्थानांतरण की मांग प्रमुख थी। उन्होंने नई शिक्षा नीति के तहत यथासंभव शिक्षकों को गृह जनपद में तैनाती देने की भी संस्तुति की मांग की। शिक्षिकाओं ने बताया कि आकांक्षी जनपद होने के कारण वे लगातार दो स्थानांतरण नीतियों से वंचित रही हैं। इसलिए, इन जनपदों में रिक्तियों को बैकलॉक से भरते हुए विशेष स्थानांतरण किए जाएं। इस अवसर पर रश्मि जायसवाल, आरती शुक्ला, बीनू शर्मा, उपमा मिश्रा, शशि वंदना दूबे, शिखा गुप्ता, रंजना निरंजन, ज्योति, ममता, कामिनी गुप्ता, विनीता राठौर, विद्या भारती, सरिता और अनीता सहित कई शिक्षिकाएं मौजूद रहीं। विधायक विनय वर्मा ने शिक्षिकाओं को आश्वासन दिया कि वे जल्द ही मुख्यमंत्री से मुलाकात कर उनकी समस्याओं से अवगत कराएंगे और उनके समाधान का प्रयास करेंगे।
Advertisement