श्रावस्ती में मिशन शक्ति फेज-5.0 के तहत ‘बहू-बेटी सम्मेलन’ का आयोजन किया गया। रविवार को हुए इस सम्मेलन में लगभग 700 महिलाओं को सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण का संदेश दिया गया। सम्मेलनों का मुख्य उद्देश्य बहू-बेटियों की सुरक्षा, सम्मान और संरक्षण को सुदृढ़ करना था। इस दौरान महिलाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा कानूनों, उपलब्ध सहायता संसाधनों, सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं और आत्मनिर्भरता के महत्व के बारे में जागरूक किया गया। ये सम्मेलन महिला थाना क्षेत्र लवेदपुर, थाना कोतवाली भिनगा क्षेत्र पूरेअधारी, थाना सिरसिया क्षेत्र जोखवा बाजार, थाना मल्हीपुर क्षेत्र शिवगढ़ कला, थाना हरदत्तनगर गिरंट क्षेत्र मिर्जापुर पटपरगंज, थाना गिलौला क्षेत्र रेगडवा रानीपुरकाजी, थाना सोनवा क्षेत्र रतनापुर, थाना इकौना क्षेत्र परसौरा माफी और थाना नवीन मॉडर्न क्षेत्र खरगौरा बस्ती में सफलतापूर्वक आयोजित किए गए। सभी स्थानों पर बहू-बेटियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रमों के दौरान, महिलाओं को आपात स्थिति में सहायता प्राप्त करने के लिए विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों जैसे 1090, 181, 1930, 112, 108, 1098, 102 और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 के प्रभावी उपयोग के बारे में जानकारी दी गई। मिशन शक्ति टीमों और महिला बीट अधिकारियों ने बहू-बेटियों को निर्भीक होकर अपनी समस्याएं साझा करने, कानून और पुलिस प्रशासन पर विश्वास बनाए रखने तथा सुरक्षित एवं सम्मानजनक जीवन के लिए निरंतर जागरूक रहने हेतु प्रेरित किया। जनपद श्रावस्ती पुलिस इस अभियान के माध्यम से प्रत्येक बहू-बेटी तक सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण का संदेश पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।











































