नानपारा में राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर दिलाई गई शपथ: सआदत इंटर कॉलेज में जागरूकता कार्यक्रम, निष्पक्ष मतदान का संकल्प – Balha(Bahraich) News

4
Advertisement

नानपारा में भारत निर्वाचन आयोग के स्थापना दिवस के अवसर पर 25 जनवरी 2026 को राष्ट्रीय मतदाता दिवस मनाया गया। इस दौरान एसडीएम नानपारा मोनालिसा जौहरी के निर्देश पर सआदत इंटर कॉलेज नानपारा में एक मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में खंड शिक्षा अधिकारी नवाबगंज राधे श्याम वर्मा और सआदत इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. अरविंद मिश्र ने उपस्थित समस्त बीएलओ, छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और अन्य कार्मिकों को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं निर्भीक मतदान की शपथ दिलाई। डॉ. मिश्र ने अपने संबोधन में कहा कि लोकतंत्र की मजबूती मतदाता की जागरूकता और सक्रिय सहभागिता पर निर्भर करती है। उन्होंने प्रत्येक नागरिक से बिना किसी भय, दबाव या प्रलोभन के अपने मताधिकार का प्रयोग करने को संवैधानिक दायित्व बताया। उन्होंने यह भी बताया कि भारत निर्वाचन आयोग चुनाव प्रक्रिया की शुचिता, पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखने के लिए निरंतर प्रभावी कदम उठा रहा है। प्रशासन स्तर पर भी मतदाता जागरूकता अभियान को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। इस शपथ ग्रहण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य भावी मतदाताओं में लोकतांत्रिक चेतना का विकास करना, मतदाता सहभागिता बढ़ाना और स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया के प्रति जनविश्वास को सुदृढ़ करना था। कार्यक्रम में विद्यालय प्रशासन, शिक्षकगण, तहसील कर्मी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। खंड शिक्षा अधिकारी राधे श्याम वर्मा ने कहा कि सशक्त लोकतंत्र की आधारशिला जागरूक मतदाता होते हैं और ऐसे अभियान भविष्य में भी निरंतर संचालित किए जाएंगे। इस अवसर पर बीएलओ अंकुश श्रीवास्तव, पल्लवी त्रिपाठी, अमित बडोला, महेंद्र यादव और अनिल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
Advertisement