
श्रावस्ती जिले के इकौना थाना क्षेत्र में एक दुकानदार और ई-रिक्शा चालक के बीच मारपीट हो गई। दुकान के सामने ई-रिक्शा खड़ा करने को लेकर हुए इस विवाद में दुकानदार घायल हो गया। यह घटना कस्बा इकौना के मोहल्ला आजाद नगर स्थित दुर्गा मंदिर के पास हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुकानदार ने अपनी दुकान के सामने ई-रिक्शा खड़ा करने से मना किया था। इसी बात पर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो जल्द ही मारपीट में बदल गई। घटना की सूचना मिलने पर डायल 112 पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल दुकानदार को एक निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इकौना पहुंचाया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने दुकानदार को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए इकौना थाना भेज दिया। पुलिस इस मामले की जांच में जुट गई है। घटना को लेकर कस्बे में विभिन्न प्रकार की चर्चाएं हो रही हैं।











































