इकौना में दुकान से 4 लाख की चोरी:सीसीटीवी में कैद हुआ चोर, पुलिस ने टीमें गठित कीं

1
Advertisement

श्रावस्ती जिले के इकौना कस्बे में इंडियन बैंक के पास स्थित अतुल ट्रेडर्स की सरिया-सीमेंट की दुकान से दिनदहाड़े लगभग 4 लाख रुपये की चोरी हुई है। यह पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चोरी उस समय हुई जब दुकानदार दुकान के बेसमेंट में सामान देखने गए थे। इसी दौरान एक अज्ञात युवक ने गल्ले से लगभग चार लाख रुपये निकाल लिए और मौके से फरार हो गया। आशंका है कि चोर ने वारदात से पहले दुकान की रेकी की थी। सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि आरोपी बिना किसी डर के दुकान में दाखिल होता है। वह चारों ओर देखता है और कुछ ही सेकंड में गल्ले से नकदी निकालकर वहां से निकल जाता है। यह वारदात इतनी तेजी से हुई कि आसपास के लोगों को इसकी जानकारी नहीं मिल पाई। घटना की सूचना मिलने पर पीड़ित दुकानदार ने थाने में तहरीर दी, जिसके बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए 23 फरवरी 2026 को इकौना थाना क्षेत्र में चोरी का अभियोग पंजीकृत कर लिया। इस मामले पर 24 फरवरी को अपर पुलिस अधीक्षक मुकेश चंद्र उत्तम ने जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 23 फरवरी को इकौना में हुई चोरी के संबंध में पुलिस टीमें गठित कर दी गई हैं। संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है। उत्तम ने आश्वासन दिया कि जल्द ही घटना का अनावरण कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Advertisement