
हरदत्त नगर गिरंट थाना क्षेत्र के बढ़ियान पुरवा गांव में 30 वर्षीय विवाहिता की मौत का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान राजू सिंह की पत्नी लक्ष्मी के रूप में हुई है। घटना के बाद क्षेत्र में चर्चाओं का माहौल है। लक्ष्मी मूल रूप से बहराइच जिले के नानपारा कोतवाली क्षेत्र के ऊँचवा धोकली गांव की निवासी थीं। उनकी शादी करीब दस वर्ष पूर्व हुई थी। दंपति की कोई संतान नहीं थी। घटना की सूचना पर हरदत्त नगर गिरंट थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच के लिए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से सबूत जुटाए। मृतका के पिता ने थाने में तहरीर देकर ससुराल पक्ष पर दहेज की मांग को लेकर हत्या करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि लक्ष्मी को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाता था और मारपीट के बाद शव को फांसी पर लटका दिया गया। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी हो सकेगी। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।







































