
श्रावस्ती में आगामी होली और रमजान त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा रणनीति बनाई है। क्षेत्राधिकारी लाइन कार्यालय संजय सिंह ने 25 फरवरी दिन बुधवार पुलिस कार्यालय में जनपद के प्रमुख सर्राफा, पेट्रोल पंप, गैस एजेंसी, ईंट भट्ठा और अन्य व्यवसायियों के साथ मासिक गोष्ठी की। गोष्ठी के दौरान व्यापारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याएं सामने रखीं। इनमें मुख्य रूप से यातायात अव्यवस्था, बाजारों में बढ़ता अतिक्रमण, टैक्सी व बस स्टैंड की समुचित व्यवस्था का अभाव और थाना/चौकियों पर नियमित बैठकें न होने जैसी शिकायतें शामिल थीं। क्षेत्राधिकारी ने आश्वासन दिया कि भीड़-भाड़ वाले बाजारों और कस्बों में यातायात व्यवस्था को सुधारा जाएगा। सड़क अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया जाएगा तथा प्रमुख बाजारों में रात्रि गश्त और पुलिस पिकेट बढ़ाई जाएगी। बैंक और एटीएम के आसपास संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की नियमित चेकिंग सुनिश्चित की जाएगी, जिससे चोरी और लूट जैसी घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके। होली व रमजान के मद्देनजर बाजारों, कस्बों और सार्वजनिक स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। पुलिस टीमें लगातार भ्रमणशील रहेंगी और आमजन के साथ सद्व्यवहार सुनिश्चित करेंगी। प्रशासन ने सभी नागरिकों और व्यापारियों से शांति एवं भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील की है। अप्रिय घटनाओं की रोकथाम के लिए प्रत्येक व्यापारी से ‘ऑपरेशन त्रिनेत्र’ के तहत उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे लगाने की अपील की गई। क्षेत्राधिकारी ने जन सहयोग से लगाए गए कैमरों की सराहना करते हुए इसे अपराध नियंत्रण में एक प्रभावी कदम बताया। साथ ही, व्यापारियों से अपने गार्डों और चौकीदारों का पुलिस सत्यापन कराने तथा बाल श्रम न कराने का अनुरोध किया गया। अग्निकांड जैसी दुर्घटनाओं से बचाव के लिए अग्निशमन उपकरण अनिवार्य रूप से रखने के निर्देश भी दिए गए। ऑनलाइन ठगी और साइबर अपराध के बढ़ते मामलों को देखते हुए व्यापारियों को जागरूक किया गया। उन्हें अपना ओटीपी, बैंक डिटेल या अन्य गोपनीय जानकारी किसी से साझा न करने और किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करने की सलाह दी गई।







































