श्रावस्ती में बोर्ड परीक्षा में इंटरमीडिएट के 624 छात्र अनुपस्थित:41 केंद्रों पर एग्जाम की सीसीटीवी निगरानी, परीक्षाओं का निष्पक्ष संचालन

1
Advertisement

श्रावस्ती में माध्यमिक शिक्षा परिषद, उत्तर प्रदेश द्वारा बीते 18 फरवरी 2026 से आयोजित हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाएं श्रावस्ती जनपद के 41 परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा और तीसरी आंख की निगरानी के बीच शांतिपूर्ण ढंग से संचालित हो रही हैं। बुधवार को आयोजित इंटरमीडिएट की परीक्षा में कुल 624 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। दरअसल जनपद में इस वर्ष कुल 23,275 छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं। बुधवार को इंटरमीडिएट द्वितीय पाली में रसायन विज्ञान और समाजशास्त्र विषय की परीक्षा आयोजित की गई।वहीं निर्धारित 7,840 परीक्षार्थियों में से 7,216 छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 624 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। परीक्षाओं के निष्पक्ष एवं पारदर्शी संचालन के लिए प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं। जनपद में पांच सेक्टर मजिस्ट्रेट और 41 स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। सभी उपजिलाधिकारी जोनल मजिस्ट्रेट के रूप में परीक्षा केंद्रों की सतत निगरानी कर रहे हैं। प्रत्येक परीक्षा कक्ष में दो कक्ष निरीक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है, ताकि नकलविहीन परीक्षा सुनिश्चित की जा सके। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर सभी परीक्षा केंद्रों के 100 मीटर की परिधि में धारा 144 लागू की गई है। संवेदनशील केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। जिला विद्यालय निरीक्षक सत्येन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि बोर्ड परीक्षाएं पूरी सख्ती, पारदर्शिता और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए गए हैं।
Advertisement