खुनियाँव में अटल स्मृति सम्मेलन की तैयारियां:29 दिसंबर को होगा आयोजन, पूर्व मंत्री ने किया निरीक्षण

0
9

सिद्धार्थनगर जनपद के खुनियाँव ब्लॉक मुख्यालय परिसर में आगामी 29 दिसंबर को अटल स्मृति सम्मेलन आयोजित होगा। बुधवार को पूर्व मंत्री डॉ. सतीश द्विवेदी ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया और संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। डॉ. सतीश द्विवेदी ने बताया कि यह सम्मेलन भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के विचारों और आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वाजपेयी जी का जीवन राष्ट्रसेवा, सुशासन और लोकतांत्रिक मूल्यों का प्रतीक रहा है। द्विवेदी ने सम्मेलन को भव्य, सुव्यवस्थित और अनुशासित ढंग से आयोजित करने पर जोर दिया। उन्होंने मंच, बैठने की व्यवस्था, साफ-सफाई, सुरक्षा और यातायात जैसे सभी महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। यह सम्मेलन भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के जन्म शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित हो रहा है। निरीक्षण के दौरान डॉ. सतीश द्विवेदी के साथ वरिष्ठ भाजपा नेता हरिशंकर सिंह, भाजपा पिछड़ा मोर्चा के क्षेत्रीय अध्यक्ष शिवनाथ चौधरी, नगर पंचायत इटवा के अध्यक्ष विकास जायसवाल, भाजपा जिला मंत्री कृष्णा मिश्रा, भाजपा मंडल अध्यक्ष राजेश पांडेय और रामसूरत चौरसिया सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। सभी उपस्थित पदाधिकारियों ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए समन्वित प्रयास करने का संकल्प लिया।
विज्ञापन