कोयलाबास चौकी पर गणतंत्र दिवस समारोह:अधिकारियों, जवानों और कर्मचारियों ने राष्ट्रगान गाया, देश के प्रति अपनी निष्ठा व्यक्त की

8
Advertisement

कोयलाबास चौकी पर सोमवार को 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर ध्वजारोहण किया गया। कोयलाबास कंपनी इंचार्ज ज्ञानेश्वर सिंह ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस दौरान उपस्थित अधिकारियों, जवानों और कर्मचारियों ने राष्ट्रगान गाकर देश के प्रति अपनी निष्ठा व्यक्त की। इस अवसर पर सीमा क्षेत्र में तैनात विभिन्न सुरक्षा और प्रशासनिक इकाइयों के अधिकारी मौजूद रहे। नेपाल एपीएफ की ओर से डीएसपी कोयलाबास जोगिंदर के. सी. और नेपाल प्रहरी से राम प्रसाद बेलबसी ने कार्यक्रम में भाग लिया। वन विभाग जनकपुर रेंज के रेंजर अमरजीत प्रसाद भी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने एक-दूसरे को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं और सीमा क्षेत्र में शांति, सुरक्षा तथा सहयोग को मजबूत करने पर बल दिया। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने गणतंत्र दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने संविधान की मूल भावना, लोकतंत्र और राष्ट्रीय एकता की रक्षा का संदेश दिया। वक्ताओं ने कहा कि यह दिवस हमें अपने कर्तव्यों का स्मरण कराता है और देश की अखंडता एवं संप्रभुता की रक्षा के लिए सजग रहने की प्रेरणा देता है। यह समारोह शांतिपूर्ण और अनुशासित वातावरण में संपन्न हुआ। अंत में सभी अधिकारियों और कर्मियों ने आपसी समन्वय तथा सहयोग बनाए रखने का संकल्प लिया। कोयलाबास चौकी में आयोजित यह कार्यक्रम भारत-नेपाल के बीच मैत्रीपूर्ण संबंधों और सीमा क्षेत्र में बेहतर समन्वय का प्रतीक है।
Advertisement