बस्ती जिले के कप्तानगंज ब्लॉक मुख्यालय और आसपास के क्षेत्रों में 76वां गणतंत्र दिवस मनाया गया। इस अवसर पर सरकारी कार्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों और सार्वजनिक स्थलों पर ध्वजारोहण किया गया। संविधान और देश की एकता-अखंडता के प्रति संकल्प लिया गया। ब्लॉक परिसर में खंड विकास अधिकारी चंद्रभान उपाध्याय ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान हुआ, जिसमें ब्लॉक के सभी अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कप्तानगंज क्षेत्र के विभिन्न सरकारी संस्थानों और विद्यालयों में भी गणतंत्र दिवस समारोह आयोजित किए गए। इनमें मां गायत्री इंटर कॉलेज, रिपब्लिक स्कूल, अभिलाषा एकेडमी, MCC इंटरनेशनल स्कूल, राज चिल्ड्रन एकेडमी, इंदिरा गांधी इंटर कॉलेज, संतकबीर इंटर कॉलेज और टैलेंट स्कूल प्रमुख थे। इन विद्यालयों में झंडारोहण के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम भी हुए। विद्यालयों में आयोजित प्रार्थना सभाओं में छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीत, कविताएं और नारों के माध्यम से राष्ट्रप्रेम व्यक्त किया। कई विद्यालयों से प्रभात फेरियां भी निकाली गईं, जिनमें बच्चों ने हाथों में तिरंगा लेकर “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के नारों के साथ गांव और बाजार क्षेत्रों का भ्रमण किया। ग्रामीण बैंक पोखरा में भी ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित हुआ। इसमें बैंक कर्मियों के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया। सभी ने राष्ट्रध्वज को सलामी देकर देश के विकास में योगदान देने का संकल्प लिया। इस अवसर पर ब्लॉक परिसर स्थित शहीद स्तंभ पर अधिकारियों, कर्मचारियों और स्थानीय नागरिकों ने पुष्पांजलि अर्पित की। अमर शहीदों को नमन करते हुए उनके बलिदान को स्मरण किया गया और राष्ट्रसेवा तथा सामाजिक एकता को मजबूत करने का संकल्प दोहराया गया। पूरे कप्तानगंज क्षेत्र में दिनभर राष्ट्रीय भावना का माहौल बना रहा। छोटे बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक की सक्रिय सहभागिता ने राष्ट्रीय एकता, भाईचारे और संविधान के प्रति सम्मान की भावना को सशक्त किया।
Home उत्तर प्रदेश कप्तानगंज में 76वां गणतंत्र दिवस मनाया:सरकारी कार्यालयों, विद्यालयों में ध्वजारोहण, सांस्कृतिक कार्यक्रम...











































