रुधौली में सोमवार को 77वां गणतंत्र दिवस पूरे हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। सरकारी, गैर-सरकारी प्रतिष्ठानों, दुकानों और विभिन्न संस्थाओं में राष्ट्रीय पर्व के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। दीनबंधु पब्लिक स्कूल में प्रबंधक हरिशंकर चौधरी और उपप्रबंधक रविशंकर चौधरी ने ध्वजारोहण किया। स्कूल परिसर में दीनबंधु महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने देशभक्ति और सांस्कृतिक विषयों पर आधारित मनमोहक प्रस्तुतियां दीं, जिन्होंने उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया। बजाज हिंदुस्तान शुगर लिमिटेड, यूनिट रुधौली में भी गणतंत्र दिवस समारोह सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। यूनिट हेड (शुगर) डॉ. जय प्रकाश त्रिपाठी ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इससे पूर्व उन्होंने सुरक्षा विभाग की परेड का निरीक्षण किया और सलामी ली। इस अवसर पर यूनिट हेड (डिस्टिलरी) सहित सभी विभागाध्यक्ष, अधिकारी और कर्मचारीगण उपस्थित रहे। ध्वजारोहण के बाद सामूहिक राष्ट्रगान का गायन हुआ। प्रभारी निरीक्षक रुधौली, श्री संजय कुमार दुबे के नेतृत्व में थाना रुधौली परिसर में राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। उन्होंने उपस्थित समस्त पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को राष्ट्र की एकता एवं अखंडता की शपथ दिलाई। राष्ट्रीय पर्व को हर्षोल्लास से मनाते हुए मिष्ठान वितरण भी किया गया।











































