श्रीराम विवाह कथा में झूमे श्रद्धालु:रूधौली के परसा तिवारी में हुआ आयोजन

2
Advertisement

रूधौली क्षेत्र के परसा तिवारी स्थित बुढ़िया समय माता मंदिर में चल रही श्रीराम कथा के पांचवें दिन सोमवार को श्रीराम विवाह प्रसंग सुनाया गया। प्रसिद्ध कथावाचक एवं लखनऊ विश्वविद्यालय के प्रोफेसर डॉ. विष्णुकांत शुक्ल ने फुलवारी, नगर भ्रमण और श्रीसीतारामजी के विवाह की कथा का वर्णन किया, जिसे सुनकर श्रद्धालु हर्षित होकर झूम उठे। डॉ. शुक्ल ने सीता स्वयंवर और प्रभु श्रीराम के धनुष उठाने वाले दृश्य का जीवंत वर्णन कर सभी को भावविभोर कर दिया। उन्होंने अयोध्या से मिथिला तक बारात की यात्रा और मिथिला में बारात के आतिथ्य सत्कार पर भी चर्चा की। कथावाचक ने कहा कि पूजा में भाव की महत्ता होती है, प्रभु भक्त के भाव को देखते हैं। यदि हम राम को पाना चाहते हैं तो वे हमें अनुराग से प्राप्त होंगे। प्रभु की छवि को मन में बसाने से राम सब जगह दिखेंगे। इस अवसर पर विवाह गीत गाए गए और जमकर पटाखे फोड़े गए। आयोजक आदर्श तिवारी और नीतीश पांडेय उर्फ मन्नू पंडित ने टाफियों की बौछार की, मिठाइयां बांटीं और बच्चों में खिलौने वितरित किए। बधाई गीत और सोहर पर श्रद्धालुओं को झूमते देखा गया। कथाव्यास डॉ. विष्णुकांत शुक्ल ने भगवान श्रीराम के विवाह प्रसंग की महिमा का अद्भुत वर्णन कर श्रद्धालुओं के हृदय को छुआ। प्रसिद्ध भोजपुरी गीत गायक दिवाकर द्विवेदी ने भजन और विवाह गीत गाकर उत्सव के हर्षोल्लास को और बढ़ा दिया। इस कथा में अभिषेक पाण्डेय, रविन्द्र मोहन पांडेय, कवि चन्द्र यादव, आशीष चौधरी, रामचन्द्र तिवारी, पूनम तिवारी, आंनद तिवारी, आकाश मिश्र, अरविंद त्रिपाठी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Advertisement