लखनऊ ने चंडीगढ़ को 8 विकेट से हराया:गौतम बुद्ध क्रिकेट प्रतियोगिता के सेमीफाइनल में प्रवेश

4
Advertisement

सिद्धार्थनगर क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा आयोजित गौतम बुद्ध ऑल इंडिया क्रिकेट प्रतियोगिता सीजन 4 में लखनऊ ने चंडीगढ़ को 8 विकेट से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। यह मुकाबला चंडीगढ़ और लखनऊ के बीच खेला गया। मैच में लखनऊ के कप्तान यशवर्धन ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए चंडीगढ़ की टीम लखनऊ के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और 14.4 ओवर में सभी विकेट खोकर मात्र 80 रन ही बना पाई। चंडीगढ़ की ओर से कप्तान प्रखर तिवारी ने सर्वाधिक 30 रन बनाए, जबकि आदेश शुक्ला ने 16 और सिद्धार्थ दीक्षित ने 6 रनों का योगदान दिया। लखनऊ के गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। अभय राज यादव ने घातक गेंदबाजी करते हुए 5 विकेट झटके, वहीं तुषार वर्मा को 3 सफलताएं मिलीं। अमित और आशुतोष ने एक-एक विकेट लिया। 81 रनों के आसान लक्ष्य का पीछा करते हुए लखनऊ ने आक्रामक शुरुआत की और सिर्फ 7.3 ओवर में 2 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। लखनऊ की ओर से आशुतोष चौधरी ने नाबाद 22 गेंदों पर 43 रनों की विस्फोटक पारी खेली। आतफ ने 14 गेंदों पर 18 रन बनाए, जबकि समय त्रिवेदी ने 17 रनों का योगदान दिया। चंडीगढ़ की ओर से कप्तान प्रखर तिवारी ने 2 विकेट हासिल किए। लखनऊ के अभय राज यादव को उनके बेहतरीन प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया। मैच के मुख्य अतिथि डॉ. सरफराज अंसारी रहे। राहुल सिंह और सत्येंद्र सिंह (उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन) ने अंपायर की भूमिका निभाई। अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त श्री अनवर सिद्दीकी (प्रयागराज) ने कमेंट्री की, जबकि विशाल यादव और विशाल मौर्य ने स्कोरिंग का कार्य संभाला। अजय द्वारा लाइव टेलीकास्ट किया गया। इस अवसर पर सिद्धार्थनगर क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष उमेश प्रताप सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे। प्रतियोगिता का अगला मुकाबला कल गोपालगंज (बिहार) और गोरखपुर के बीच खेला जाएगा।
Advertisement