बकवा गांव में गंदगी-जलभराव से हालात बदतर:बीमारियों का खतरा बढ़ा, ग्रामीणों ने प्रशासन से की सफाई की मांग

1
Advertisement

श्रावस्ती जनपद के सिरसिया विकासखंड स्थित ग्राम पंचायत बकवा इन दिनों गंदगी और जलभराव की गंभीर समस्या से जूझ रहा है। गांव की गलियों और संपर्क मार्गों पर महीनों से गंदा पानी और कीचड़ जमा है, जिससे ग्रामीणों का जीवन प्रभावित हो रहा है और बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। ग्रामीणों के अनुसार, नालियों की नियमित सफाई न होने के कारण घरों से निकलने वाला गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है। गांव निवासी रामरूप ने बताया कि कई महीनों से नालियों की सफाई नहीं कराई गई है, जिससे रास्ते कीचड़ में बदल गए हैं। इससे स्कूल जाने वाले बच्चों, बाजार जाने वाले लोगों और दैनिक मजदूरों को आवागमन में भारी परेशानी हो रही है। जलभराव और गंदगी के कारण गांव में मच्छरों और मक्खियों की संख्या में तेजी से वृद्धि हुई है। ग्रामीण राम कृपा और गुल्ले ने बताया कि डेंगू, मलेरिया और अन्य संक्रामक बीमारियों का खतरा मंडरा रहा है, जिससे ग्रामीण भयभीत हैं। राम सुरात ने जानकारी दी कि कई नालियां बंद या क्षतिग्रस्त पड़ी हैं, जिनकी मरम्मत नहीं कराई गई है। परिणामस्वरूप, पानी की निकासी ठप है और पूरे इलाके में दुर्गंध फैल रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन और ग्राम पंचायत से तत्काल नालियों की सफाई कराने, जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने और गांव को इस गंभीर समस्या से निजात दिलाने की मांग की है, ताकि लोग स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण में रह सकें।
Advertisement