
श्रावस्ती जनपद के विकास खंड इकौना इलाके में कंजड़वा रोड पर नाले का निर्माण अधूरा छोड़ दिए जाने से स्थानीय ग्रामीण गंभीर जलभराव की समस्या से जूझ रहे हैं। घनी आबादी वाले इस क्षेत्र में बरसात के मौसम में घरों में पानी भर जाता है, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय निवासियों के अनुसार, शक्ति मेडिकल स्टोर से राजेंद्र गुप्ता के घर तक नाले का निर्माण कार्य करके रोक दिया गया है। नाले के आगे के निर्माण में एक ट्रांसफार्मर बाधा बन रहा है, जिसके कारण कार्य आगे नहीं बढ़ पा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि न तो नाले के पानी का बहाव आगे किया जा रहा है, न ही ट्रांसफार्मर हटाया जा रहा है और न ही नाले का निर्माण पूरा हो रहा है। इस अधूरे कार्य को लेकर ग्रामीणों में गहरा आक्रोश है। वे शासन-प्रशासन को इस स्थिति के लिए जिम्मेदार ठहरा रहे हैं। जगराम राव, जगराम गुप्ता, गिरधारी लाल गुप्ता, शीतला प्रसाद गुप्ता, अंकित गुप्ता, हजारीलाल गुप्ता, संजय गुप्ता, लाल जी यादव, दिलीप यादव, रक्षा राम यादव, सोम शर्मा और किसान यूनियन नेता सहित कई स्थानीय लोगों ने प्रशासन से नाले की जल निकासी को आगे बढ़ाने और ट्रांसफार्मर हटाकर निर्माण कार्य पूरा करने की मांग की है।







































