
श्रावस्ती पुलिस को साइबर ठगी के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। साइबर सेल थाना कोतवाली भिनगा की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए यूपीआई (UPI) के माध्यम से ठगे गए 47,292 रुपये पीड़ित के बैंक खाते में वापस कराए हैं। यह कार्रवाई बुधवार को पुलिस अधीक्षक श्रावस्ती राहुल भाटी के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक मुकेश चंद्र उत्तम के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी साइबर क्राइम आलोक कुमार सिंह के नेतृत्व में की गई। प्रभारी निरीक्षक थाना कोतवाली भिनगा राम प्रकाश सिंह और साइबर सेल की टीम ने इस मामले को गंभीरता से लिया। उन्होंने तकनीकी और बैंकिंग स्तर पर तत्काल कदम उठाए। लक्ष्मनपुर बाजार निवासी रहीस अहमद पुत्र मोहम्मद इब्राहिम ने 1 अक्टूबर 2025 को एनसीआरपी पोर्टल (www.cybercrime.gov.in) पर शिकायत संख्या 33110250131591 दर्ज कराई थी। रहीस अहमद ने अपनी शिकायत में बताया था कि अज्ञात धोखेबाजों ने यूपीआई (UPI) के माध्यम से उनके खाते से कुल 99,168 रुपये की धोखाधड़ी की थी। मामले की जांच और सक्रिय प्रयासों के बाद पुलिस ने 47,292 रुपये की धनराशि पीड़ित के खाते में वापस कराने में सफलता प्राप्त की। शेष रकम की वापसी के लिए कार्रवाई अभी भी जारी है। इस टीम में प्रभारी निरीक्षक राम प्रकाश सिंह, उप निरीक्षक मनोज यादव, कांस्टेबल अमरजीत शर्मा, कांस्टेबल प्रमोद कुमार और कांस्टेबल अंकित पटेल शामिल थे। श्रावस्ती पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तुरंत एनसीआरपी पोर्टल (www.cybercrime.gov.in) या नजदीकी थाने में शिकायत दर्ज कराएं। इससे समय रहते धोखाधड़ी की गई धनराशि को वापस कराने में मदद मिल सकती है।







































