श्रावस्ती में विवाहिता ने लगाई फांसी:घर में अकेली थी महिला, दो पुत्र और एक पुत्री को छोड़ गई मृतका

6
Advertisement

श्रावस्ती जनपद के नवीन मॉर्डन थाना क्षेत्र के ग्राम अमारेभरिया स्थित मलपुरवा मजरे में गुरुवार सुबह एक विवाहिता ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलने पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। मृतका की पहचान 27 वर्षीय राधा जायसवाल के रूप में हुई है, जिनकी शादी 16 वर्ष पूर्व मलपुरवा निवासी हरि ओम जायसवाल से हुई थी। राधा मूल रूप से बहराइच जनपद के पयागपुर थाना क्षेत्र के ग्राम जमुनहा की रहने वाली थीं। हरि ओम जायसवाल कटरा बाजार में खाद-बीज की दुकान चलाते हैं, जबकि उनका परिवार गांव में रहता है। बताया जा रहा है कि गुरुवार को परिवार के अन्य सदस्य दुकान पर गए हुए थे और बच्चे स्कूल गए थे। इस दौरान राधा जायसवाल घर में अकेली थीं। संदिग्ध परिस्थितियों में उन्होंने अपने कमरे में दुपट्टे के सहारे फंदा लगा लिया। कुछ देर बाद परिजनों ने उन्हें फंदे से लटका देखा। परिजनों ने तत्काल राधा को फंदे से उतारकर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पर थाना प्रभारी लाल साहब सिंह पुलिस टीम और फॉरेंसिक दल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने आवश्यक साक्ष्य संकलित किए। थाना प्रभारी ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। मृतका अपने पीछे दो पुत्र और एक पुत्री छोड़ गई हैं। इस घटना से परिवार में शोक का माहौल है।
यहां भी पढ़े:  पिपरहवा जोगा गांव में नालियां जाम:सफाई व्यवस्था बिगड़ी, ग्रामीणों को परेशानी
Advertisement