
श्रावस्ती जनपद के जमुनहा ब्लॉक क्षेत्र के उपकेंद्र भेला गांव में एक सरकारी प्रसव केंद्र का उद्घाटन किया गया है। इस केंद्र का शुभारंभ संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने के उद्देश्य से किया गया, जिसका फीता काटकर उद्घाटन अधीक्षक डॉ. रविंद्र कुमार सोनकर ने किया। इस अवसर पर डॉ. रविंद्र सोनकर ने बताया कि इस प्रसव केंद्र के शुरू होने से अब क्षेत्र की गर्भवती महिलाओं को प्रसव के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। इससे संस्थागत प्रसव में वृद्धि होगी और जच्चा-बच्चा मृत्यु दर को कम करने में सहायता मिलेगी। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रत्येक प्रसूता को स्थानीय स्तर पर सुरक्षित और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करना है। डॉ. सोनकर ने स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देश दिए कि गर्भवती महिलाओं की नियमित जांच, टीकाकरण और पोषण संबंधी परामर्श सुनिश्चित किया जाए, ताकि प्रसव सुरक्षित वातावरण में हो सके। कार्यक्रम में बीपीएम अब्दुल रहमान, प्रभारी बीसीपीएम पंकज शर्मा, सीएचओ पूजा, एएनएम मधु देवी और प्रीति देवी सहित क्षेत्र की सभी आशा कार्यकर्त्रियां उपस्थित रहीं। सभी ने मिलकर क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत बनाने का संकल्प लिया। ग्रामीणों ने प्रसव केंद्र खुलने पर खुशी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि इस पहल से विशेषकर गरीब और दूरदराज के क्षेत्रों की महिलाओं को काफी सुविधा मिलेगी।

































