Advertisement
बृजमनगंज नगर पंचायत के वार्ड नंबर छह आजादनगर में चल रहे नाला निर्माण में घटिया सामग्री के प्रयोग और गलत लेवलिंग को लेकर एक युवक ने मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई है। शिकायतकर्ता ने निर्माण कार्य की जांच कर जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की है। आजादनगर निवासी क्रांति मणि त्रिपाठी ने मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर दर्ज शिकायत में बताया कि ब्लाक मुख्यालय के सामने हो रहे नाला निर्माण में मानकों की अनदेखी की जा रही है। नाले का निर्माण विपरीत दिशा में लेवल कर किया जा रहा है, जिससे भविष्य में जल निकासी की समस्या उत्पन्न हो सकती है। क्रांति मणि त्रिपाठी का आरोप है कि नगर पंचायत बृजमनगंज में जिम्मेदार अधिकारियों और ठेकेदारों की मिलीभगत से अधिकांश निर्माण कार्य गुणवत्ता विहीन तरीके से कराए जा रहे हैं। निर्माण कार्यों का समय-समय पर निरीक्षण नहीं किया जाता, जिसका फायदा उठाकर कार्यदायी संस्था मनमानी ढंग से काम कर रही है और सरकारी धन का दुरुपयोग किया जा रहा है। शिकायतकर्ता ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।






































