मुख्यमंत्री योगी 28 जनवरी को सिद्धार्थनगर महोत्सव का उद्घाटन करेंगे:प्रशासन अलर्ट मोड पर, अंतिम चरण में तैयारियां

6
Advertisement

जिले की सांस्कृतिक पहचान बन चुका सिद्धार्थनगर महोत्सव इस बार इतिहास रचने जा रहा है। 28 जनवरी से 1 फरवरी 2026 तक बीएसए ग्राउंड में आयोजित होने वाले सिद्धार्थनगर महोत्सव का उद्घाटन 28 जनवरी को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन, पुलिस और खुफिया एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट मोड में हैं। आयोजन को भव्य, सुरक्षित और अविस्मरणीय बनाने के लिए प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन स्वयं लगातार महोत्सव स्थल का निरीक्षण कर रहे हैं। डीएम ने मंच, पंडाल, वीवीआईपी गैलरी, बैरिकेडिंग, पार्किंग, प्रवेश और निकास मार्ग, आपात सेवाओं, यातायात व्यवस्था और सुरक्षा घेरों का अलग-अलग स्तर पर जायजा लिया है। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि महोत्सव की गरिमा के अनुरूप सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी हों और किसी भी स्तर पर कोई चूक न रहे। इस बार महोत्सव का पंडाल प्रशासनिक और तकनीकी दृष्टि से खास तौर पर चर्चा में है। पंडाल को इस तरह डिजाइन किया गया है कि तेज बारिश, आंधी या तूफान जैसी प्राकृतिक आपदाओं में भी यह पूरी तरह सुरक्षित रहेगा। मजबूत स्टील स्ट्रक्चर, वाटरप्रूफ कवरिंग और आधुनिक इंजीनियरिंग के जरिए पंडाल को तैयार किया गया है। पंडाल के अंदर हजारों दर्शकों के बैठने की क्षमता के साथ-साथ आपात स्थिति में सुरक्षित निकासी के लिए कई एग्जिट प्वाइंट बनाए गए हैं। महोत्सव के उद्घाटन समारोह को लेकर सुरक्षा व्यवस्था को बहुस्तरीय किया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगमन के कारण कार्यक्रम स्थल के आसपास कई सुरक्षा घेरे बनाए गए हैं। पुलिस, पीएसी, होमगार्ड के साथ सादे कपड़ों में पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। खुफिया एजेंसियां लगातार इनपुट जुटा रही हैं और संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जा रही है। ड्रोन कैमरों और सीसीटीवी के माध्यम से पूरे क्षेत्र की निगरानी की जा रही है। सिद्धार्थनगर महोत्सव-2026 की शुरुआत 28 जनवरी की शाम 8 बजे से भक्ति और अध्यात्म के रंग में रंगी प्रस्तुति से होगी। पहले दिन सुप्रसिद्ध भजन गायिका स्वाति मिश्रा अपने लोकप्रिय भजनों की प्रस्तुति देंगी। उनकी भावपूर्ण गायिकी से महोत्सव का शुभारंभ आध्यात्मिक वातावरण में होगा। स्वाति मिश्रा की लोकप्रियता को देखते हुए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और दर्शकों के पहुंचने की संभावना है। दूसरे दिन 29 जनवरी की शाम 8 बजे से बॉलीवुड के चर्चित गायक बी प्राक मंच संभालेंगे। बी प्राक के गीत युवाओं के बीच खासे लोकप्रिय हैं और उनकी प्रस्तुति को लेकर दर्शकों में पहले से ही उत्साह देखा जा रहा है। इस दिन संभावित भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने यातायात और पार्किंग व्यवस्था को लेकर विशेष प्लान तैयार किया है। तीसरे दिन 30 जनवरी को महोत्सव अपने चरम पर नजर आएगा। इस दिन बॉलीवुड के सुपरस्टार रहे अभिनेता गोविंदा मंच पर अपनी परफॉर्मेंस देंगे। गोविंदा की एंट्री को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह है। इसी दिन सिद्धार्थनगर जिले के लिए गर्व का विषय बने सारेगामापा फेम गायक रूपेश मिश्रा भी अपनी प्रस्तुति देंगे। स्थानीय प्रतिभाओं को बड़े मंच पर अवसर देना महोत्सव की खास पहचान मानी जाती है। चौथे दिन 31 जनवरी को हास्य और मनोरंजन का माहौल बनेगा। इस दिन लोकप्रिय कॉमेडियन प्रताप फौजदार दर्शकों को अपनी कॉमिक प्रस्तुति से गुदगुदाएंगे। पारिवारिक और सामाजिक हास्य से भरपूर उनके कार्यक्रम में हर आयु वर्ग के दर्शकों के शामिल होने की संभावना है। महोत्सव का समापन 1 फरवरी को भोजपुरी सिनेमा के सुपरस्टार पवन सिंह की धमाकेदार प्रस्तुति के साथ होगा। पवन सिंह की लोकप्रियता ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में जबरदस्त है। समापन समारोह को लेकर प्रशासन ने अतिरिक्त पुलिस बल और सुरक्षा व्यवस्था तैनात करने की योजना बनाई है। मुख्य कलाकारों के अलावा महोत्सव में देश के विभिन्न राज्यों से आए लोक कलाकार, नृत्य दल, सांस्कृतिक समूह और पारंपरिक कलाकार भी अपनी प्रस्तुतियां देंगे। लोकसंस्कृति, क्षेत्रीय नृत्य और संगीत के जरिए भारत की विविधता को मंच पर उतारने की तैयारी है। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ-साथ महोत्सव में मीना बाजार, हस्तशिल्प प्रदर्शनी, स्वयं सहायता समूहों के उत्पाद, सरकारी योजनाओं की प्रदर्शनी और खानपान जोन भी लगाए जा रहे हैं। स्थानीय कारीगरों और उद्यमियों को अपने उत्पाद प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी बढ़ावा मिलेगा। पूरे महोत्सव अवधि के लिए जिला प्रशासन ने सेक्टरवार अधिकारियों की ड्यूटी लगाई है। मंच, वीवीआईपी क्षेत्र, फूड जोन, कामर्शियल जोन, शिल्प ग्राम, पार्किंग स्थल, यातायात मार्ग और पंडाल के अंदर अलग-अलग विभागों के अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। सभी अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे कार्यक्रम से पहले अपने ड्यूटी स्थल पर उपस्थित रहें और कार्यक्रम की समाप्ति तक पूर्ण जिम्मेदारी के साथ कार्य करें। स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर भी प्रशासन सतर्क है। महोत्सव स्थल पर मेडिकल कैंप, एंबुलेंस और डॉक्टरों की टीम तैनात रहेगी। अग्निशमन विभाग को भी अलर्ट पर रखा गया है। जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने स्पष्ट किया है कि मुख्यमंत्री के उद्घाटन और जिले की प्रतिष्ठा से जुड़े इस महोत्सव को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और यादगार बनाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सिद्धार्थनगर महोत्सव-2026 केवल मनोरंजन का मंच नहीं, बल्कि जिले की संस्कृति, एकता और सामूहिक प्रयासों का प्रतीक बनकर उभरने जा रहा है। प्रशासन और महोत्सव समिति को उम्मीद है कि इस बार का आयोजन अब तक का सबसे भव्य, सुरक्षित और ऐतिहासिक महोत्सव साबित होगा।
Advertisement