मंगलवार को बकतावर पुरवा के आंगनवाड़ी केंद्र में ‘बाल रक्षा भारत’ संस्था द्वारा एक सामुदायिक बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में शिक्षा मित्र, गांव के सम्मानित व्यक्ति, धात्री महिलाएं, गर्भवती महिलाएं, बच्चे और किशोरियां उपस्थित रहे। संस्था के प्रतिनिधियों ने अपना परिचय दिया और बैठक का उद्देश्य बताया। इसके बाद बच्चों के पोषण, महिलाओं के स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण सहित कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में बच्चों के पोषण पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता पर बल दिया गया। संतुलित आहार के महत्व पर चर्चा हुई और बच्चों को नियमित टीकाकरण कराने तथा समय पर ऊपरी आहार शुरू करने की जानकारी प्रदान की गई। धात्री महिलाओं की उचित देखभाल, पौष्टिक आहार और पर्याप्त आराम के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया। गर्भवती महिलाओं को समय-समय पर एएनसी (ANC) जांच कराने, समय पर टीकाकरण करवाने और संतुलित आहार लेने की सलाह दी गई। उपस्थित सभी लोगों को उचित खानपान, हरी सब्जियों और स्थानीय रूप से उपलब्ध आहारों के उपयोग पर जोर देने के लिए प्रेरित किया गया। पर्यावरण संरक्षण के तहत प्रत्येक घर में पोषण वाटिका लगाने का सुझाव दिया गया, ताकि परिवारों को ताज़ी सब्जियां मिल सकें। बाहरी और तैलीय खाद्य पदार्थों के सेवन से बचने तथा घर के बने भोजन को प्राथमिकता देने की अपील की गई। इसके अतिरिक्त, शीत लहर से बचाव और उसके उपायों के बारे में भी जानकारी दी गई।






































