नौकरी के नाम पर 1.30 लाख की ठगी: निचलौल के ओबरी गांव का मामला, मुकदमा दर्ज – Nichlaul News

0
5

निचलौल (महराजगंज)। निचलौल थाना क्षेत्र के ओबरी गांव में नौकरी दिलाने के नाम पर एक युवक से 1.30 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है, जिसके बाद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पीड़ित मनीष कुमार मद्धेशिया, पुत्र दुर्गा प्रसाद, निवासी ग्राम ओबरी ने बताया कि उनके गांव के विजय कुमार और उनकी पत्नी रीना भारती ने नौकरी लगवाने का झांसा दिया था। उन्होंने मनीष से कुल 1.30 लाख रुपये लिए, जिसमें कुछ रकम ऑनलाइन और कुछ नकद दी गई। करीब एक वर्ष बीत जाने के बाद भी मनीष को न तो नौकरी मिली और न ही उसके पैसे वापस किए गए। जब उसने अपने पैसे वापस मांगे, तो आरोपियों ने टालमटोल करना शुरू कर दिया और बाद में अपना मोबाइल फोन भी बंद कर लिया। मनीष का आरोप है कि जब वह आरोपियों के घर गया, तो उनके परिजनों ने उसे धमकी दी कि यदि उसने पैसे मांगे तो उसे एससी-एसटी एक्ट में फंसा दिया जाएगा। इस धमकी से पीड़ित मानसिक रूप से परेशान है। इस संबंध में थानाध्यक्ष अखिलेश वर्मा ने जानकारी दी कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
विज्ञापन 2