लाइब्रेरी का उद्घाटन:करहली में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों को मिलेगा लाभ

4
Advertisement

नगर थाना क्षेत्र के ग्राम करहली में रविवार को माँ शक्ति लाइब्रेरी का उद्घाटन किया गया। पूर्व जिला पंचायत सदस्य कपिलदेव सिंह ‘मम्मु’ और नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि राना दिनेश प्रताप सिंह ने संयुक्त रूप से फीता काटकर इसका शुभारंभ किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीण, युवा और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। उद्घाटन के अवसर पर पूर्व जिला पंचायत सदस्य कपिलदेव सिंह ‘मम्मु’ ने शिक्षा को समाज के विकास की मजबूत नींव बताया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में इस लाइब्रेरी की स्थापना से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों को बेहतर माहौल मिलेगा, जिससे वे अपने भविष्य को नई दिशा दे सकेंगे। नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि राना दिनेश प्रताप सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि माँ शक्ति लाइब्रेरी में प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित पुस्तकें, समाचार पत्र और अध्ययन सामग्री उपलब्ध होगी, जिससे क्षेत्र के छात्र लाभान्वित होंगे। उन्होंने भविष्य में भी ऐसे शैक्षिक प्रयासों को हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया। कार्यक्रम के दौरान लाइब्रेरी संचालक इंद्रजीत सिंह यादव और हीरालाल यादव ने अतिथियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया। ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि अब बच्चों को पढ़ाई के लिए शहर नहीं जाना पड़ेगा और वे गांव में ही शांत वातावरण में अध्ययन कर सकेंगे। उद्घाटन समारोह में सामाजिक कार्यकर्ता, शिक्षक, अभिभावक और छात्र-छात्राएं भी उपस्थित रहे। सभी ने माँ शक्ति लाइब्रेरी की सफलता और छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Advertisement