श्रावस्ती जनपद के मल्हीपुर थाना क्षेत्र में बीते शुक्रवार एक 21 वर्षीय विवाहिता का शव नहर से बरामद हुआ। इससे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान मल्हीपुर खुर्द के मजरा मोगला निवासी रीना पत्नी गोविंद प्रसाद के रूप में हुई है।रीना पिछले एक सप्ताह से अधिक समय से अपने ससुराल से लापता थी। उसकी गुमशुदगी मल्हीपुर थाने में दर्ज कराई गई थी। रीना की शादी करीब डेढ़ साल पहले लक्ष्मणपुर कोठी निवासी आसाराम की बेटी के रूप में मोगला गांव के गोविंद प्रसाद से हुई थी। वहीं, उसकी कोई संतान नहीं थी। रीना का पति गोविंद प्रसाद दिल्ली में मजदूरी करता है, जबकि ससुराल में उसके सास-ससुर रहते हैं। बताया जा रहा कि कुछ दिनों से रीना का पति घर पर ही था। परिजनों ने बताया कि रीना 12 जनवरी से लापता थी। काफी खोजबीन के बाद भी जब उसका पता नहीं चला, तो ससुराल पक्ष ने मल्हीपुर थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। इसी दौरान 26 जनवरी को उसका शव ससुराल से लगभग तीन किलोमीटर दूर भकला घाट के पास पानी में तैरता हुआ मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। मृतका के मायके पक्ष ने गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने बताया कि रीना को ससुराल में बुलेट बाइक, सोने की अंगूठी और नकदी की मांग को लेकर लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। मायके वालों ने दहेज के लिए हत्या किए जाने की आशंका व्यक्त की है। पुलिस के अनुसार, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल पाएगा। पुलिस फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है।






































