कार-बाइक भिड़ंत में एक घायल:बस्ती-डुमरियागंज मार्ग पर हादसा, 112 ने हटवाया जाम

7
Advertisement

बस्ती जिले के सोनहा थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम करीब 5 बजे बस्ती-डुमरियागंज मार्ग पर एक कार और बाइक की आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। इस हादसे में बाइक सवार शिवपूजन (पुत्र राम बुझावन, निवासी बगहवा, थाना इटवा) गंभीर रूप से घायल हो गए। शिवपूजन अपने दोस्त शिवप्रसाद (निवासी बगहवा, थाना इटवा) के साथ सोनहा थाना क्षेत्र के शिवाघाट काम की तलाश में गए थे। दोनों घर वापस लौट रहे थे। शिवप्रसाद उनसे आगे निकलकर दुबौली पहुंच गए थे। शिवपूजन नरखोरिया से आगे मैनिहवा गांव के पास पहुंचे ही थे कि सामने से आ रही कार से उनकी बाइक टकरा गई। कार चालक की पहचान अमित गुप्ता (निवासी भानपुर) के रूप में हुई है। भिड़ंत इतनी जोरदार थी कि कार और बाइक दोनों का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद शिवपूजन सड़क पर गिर गए और उन्हें गंभीर चोटें आईं। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें उठाकर सड़क किनारे सुरक्षित जगह पर रखा। सूचना मिलने पर 112 पीआरवी टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। टीम में शामिल झारखन्डे राय और चालक शरदमणि ने सड़क पर लगे जाम को हटवाया। दुर्घटनाग्रस्त वाहन सड़क के बीचों-बीच होने के कारण दोनों तरफ जाम लग गया था।

Advertisement