Advertisement
महराजगंज। फरेंदा तहसील क्षेत्र के धानी ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत बरगाहपुर के टोला रामफलजोत में गुड़िया पत्नी महेंद्र के कच्चे मकान में देर शाम अचानक आग लग गई। इस अग्निकांड में घर में रखा सारा घरेलू सामान जलकर राख हो गया, जिससे पीड़ित परिवार बेघर हो गया है। आग लगने से बिस्तर, कपड़े, बर्तन सहित रोजमर्रा के उपयोग का पूरा सामान नष्ट हो गया। स्थानीय लोगों के अनुसार आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। घटना के समय मकान मालकिन गुड़िया घर से बाहर थीं। आग लगते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पानी व अन्य उपलब्ध साधनों से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन कच्चा मकान होने के कारण आग तेजी से फैल गई। हालांकि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। सूचना मिलने पर पंचायत प्रतिनिधि और स्थानीय लोग भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। आग लगने के बाद गुड़िया और उनके परिवार के सामने रहने, खाने और पहनने जैसी बुनियादी जरूरतों का संकट खड़ा हो गया है। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से तत्काल सहायता की मांग की है।







































