
श्रावस्ती जनपद के सोनवा थाना क्षेत्र स्थित गुदरिया बाबा मंदिर परिसर में गुरुवार को आयोजित मेले के दौरान आग लग गई। इस घटना से मेले में अफरा-तफरी मच गई। आग उस समय लगी जब श्रद्धालु साधु-संतों के लिए भंडारे का भोजन तैयार कर रहे थे। मंदिर में मन्नत पूरी होने पर ब्राह्मण भोज और साधु भोज कराने की परंपरा है। इसी कारण मेले में बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हुए थे। भोजन बनाते समय अचानक कड़ाही के पास आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग की लपटें तेज हो गईं, जिससे मेले में मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई। हालांकि, मौके पर मौजूद लोगों ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत गैस सिलेंडर को बंद कर उसे अलग हटा दिया। इस त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया। तेज गर्मी के कारण कड़ाही में तेल देर तक खौलता रहा। इस घटना की तस्वीरें और वीडियो भी सामने आए हैं। स्थानीय लोगों और मेले में मौजूद रंगीलाल, उमेश, जगराम, तथा मनीराम ने बताया कि गुदरिया बाबा मंदिर में अक्सर बड़े भंडारे और साधु भोज आयोजित होते हैं, जिनमें हजारों की भीड़ उमड़ती है। उन्होंने चिंता जताई कि ऐसी स्थिति में अग्निशमन के पर्याप्त इंतजाम न होना किसी बड़े हादसे को न्योता दे सकता है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि मेले में अग्निशमन यंत्र, पानी के टैंकर और पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराई जाए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यदि समय रहते गैस सिलेंडर को अलग न किया जाता तो एक बड़ी दुर्घटना हो सकती थी और जनहानि की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता था। फिलहाल इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है, लेकिन इसने मेले की सुरक्षा व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

































