मुख मार्ग पर जलभराव से ग्रामीण परेशान:श्रावस्ती के लक्ष्मणपुर में नाली निर्माण की मांग तेज

6
Advertisement

श्रावस्ती के जमुनहा ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम अचरोरा शाहपुर के मजरा लक्ष्मणपुर में मुख्य मार्ग पर लंबे समय से जलभराव की समस्या बनी हुई है। नाली के अभाव और जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने के कारण गांव के बीच से गुजरने वाला यह रास्ता हर मौसम में पानी से भरा रहता है, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि हल्की बारिश के बाद भी सड़क पर पानी जमा हो जाता है और कीचड़ फैल जाता है। बरसात के मौसम में स्थिति और गंभीर हो जाती है। स्कूली बच्चे इसी मार्ग से होकर विद्यालय जाने को मजबूर हैं, जिससे उनके फिसलकर चोट लगने का खतरा बना रहता है। बुजुर्गों और महिलाओं को भी आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। स्थानीय निवासी रामलाल यादव, शबाना खातून, हरिशंकर वर्मा और इरफान अली ने बताया कि उन्होंने कई बार ग्राम पंचायत और संबंधित अधिकारियों से इस संबंध में शिकायत की है। हालांकि, अब तक इस समस्या का कोई स्थायी समाधान नहीं हो सका है। ग्रामीणों ने जल्द से जल्द नाली निर्माण और जल निकासी की व्यवस्था कराने की मांग की है, ताकि मुख्य मार्ग को जलभराव से मुक्त कराया जा सके। इस संबंध में ग्राम प्रधान का कहना है कि जल्द ही सफाई व्यवस्था कराई जाएगी।
Advertisement