दवा लेने निकले युवक की सड़क हादसे में मौत:अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, मौके से चालक फरार

6
Advertisement

श्रावस्ती जनपद के सोनवा थाना क्षेत्र में गुरुवार रात सड़क हादसे में 40 वर्षीय परशुराम की मौत हो गई। वह अपनी पत्नी के लिए दवा लेने घर से निकले थे, घर से महज 100 मीटर की दूरी पर एक अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। सोनवा थाना क्षेत्र के धोबीपुरवा निवासी परशुराम जमुनहा-बहराइच मार्ग पर स्थित एचपी गैस एजेंसी के पास पहुंचे थे।तभी एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि परशुराम गंभीर रूप से घायल होकर सड़क किनारे गिर पड़े और करीब आधे घंटे तक तड़पते रहे।घटनास्थल से लगभग 100 मीटर की दूरी पर एक शादी समारोह चल रहा था। वहीं से लौट रहे बारातियों ने घायल को देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल परशुराम को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भिनगा भेजा गया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। परशुराम की मौत की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया। परशुराम अपने चार भाइयों में सबसे छोटे थे और अलग रहकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे।वह खिचड़ी चौराहे पर मोची की एक छोटी सी दुकान चलाते थे।परिवार के पास केवल डेढ़ बीघा खेती लायक जमीन थी,जिससे गुजारा करना मुश्किल था। मृतक के परिवार में दो बेटे, जिनकी उम्र 12 और 10 वर्ष है, और चार बेटियां हैं। उनकी बड़ी बेटी की शादी हो चुकी है, जबकि एक छोटी बेटी की शादी अप्रैल में होनी थी, जिसकी तैयारियों में परशुराम जुटे हुए थे। अभी दो बेटियों और दो बेटों की शादी बाकी है। परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर बताई जा रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है। एक गरीब परिवार का सहारा छिन जाने से पूरे गांव में शोक की लहर है। ग्रामीण प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक मदद देने की अपील कर रहे हैं।
Advertisement