
श्रावस्ती में गुरुवार रात एक सड़क हादसे में 40 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। सोनवा थाना क्षेत्र के धोबीपुरवा गांव निवासी परशुराम पुत्र मुन्नीलाल को एक अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। परशुराम गुरुवार रात जमुनहा-बहराइच मार्ग पर स्थित जिनौठा मोड़ के पास पैदल जा रहे थे। इसी दौरान एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि परशुराम गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। राहगीरों ने उन्हें सड़क पर पड़ा देख तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही चन्दरखा बुजुर्ग पुलिस चौकी प्रभारी अबुल खैर सिद्दीकी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घायल परशुराम को एम्बुलेंस से जिला चिकित्सालय भिनगा भिजवाया गया। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने परशुराम को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है और मामले की जांच में जुटी है।












































