
श्रावस्ती जिले के हरदत्त नगर गिरंट थाना क्षेत्र के बाढ़िहन पुरवा में बुधवार को एक 31 वर्षीय विवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। मृतका के पिता ने ससुराल पक्ष पर दहेज हत्या का आरोप लगाया था।पुलिस ने पति राजू सिंह और सास भागरानी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बहराइच जिले के नानपारा कोतवाली क्षेत्र के उचवा गांव निवासी रामजियावन सिंह ने अपनी बेटी लक्ष्मी (30) की शादी करीब दस साल पहले बाढ़िहन पुरवा निवासी राजू सिंह से की थी। पिता रामजियावन का आरोप है कि लक्ष्मी को संतान न होने के कारण प्रताड़ित किया जाता था। इसके साथ ही उससे अतिरिक्त दहेज की मांग भी की जा रही थी। पिता के अनुसार, दहेज की मांग पूरी न होने पर लक्ष्मी के साथ मारपीट की जाती थी। आरोप है कि पति राजू सिंह नशे का आदी था और प्रतिदिन नशे की हालत में पत्नी के साथ मारपीट करता था। राजू घर पर ही एक दुकान चलाता है और अपनी मां के साथ रहता है, उसके पिता का पहले ही निधन हो चुका है। लक्ष्मी की मौत की सूचना मायके पक्ष को ग्रामीणों के माध्यम से मिली। सूचना मिलने पर जब पिता मौके पर पहुंचे, तो राजू सिंह घर से फरार था, जबकि सास घर में मौजूद थी। पिता रामजियावन ने आरोप लगाया है कि उनकी बेटी की पीट-पीटकर हत्या की गई और बाद में घटना को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई। परिजनों के अनुसार, सुबह जब पड़ोसी दुकान पर सामान लेने पहुंचे तो दुकान बंद थी और आवाज देने पर दरवाजा नहीं खुला। इसके बाद ग्रामीणों को घटना की जानकारी हुई और उन्होंने मायके पक्ष को सूचित किया। पिता ने बताया कि कुछ देर बाद राजू सिंह थाने के पास मिला, जिसने पूछने पर खुद के घर पर मौजूद न होने की बात कही। पीड़ित पिता की तहरीर पर पुलिस ने पति और सास के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


































