
श्रावस्ती जिले की गिलौला पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। उसके पास से 400 ग्राम अवैध गांजा, एक मोटरसाइकिल और 5,080 रुपये नकद बरामद किए गए। यह कार्रवाई 26 फरवरी 2026 को थानाध्यक्ष आशीष कुमार के नेतृत्व में की गई। गिलौला पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त और संदिग्ध वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान तिलकपुर मोड़ पुलिया, गिलौला बाइपास स्थित लकड़ी ठेका के सामने एक संदिग्ध व्यक्ति मोटरसाइकिल के साथ दिखा, जिसे पुलिस ने रोककर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान सतीश मिश्रा पुत्र रामदरश मिश्रा, निवासी सिटकहना जोत केशव, थाना कोतवाली देहात, जनपद बहराइच के रूप में बताई। तलाशी लेने पर उसके पास से 400 ग्राम अवैध गांजा, गांजा बिक्री के 5,080 रुपये नकद और अपराध में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ थाना गिलौला में मु0अ0सं0 023/2026 धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को नियमानुसार माननीय न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस अधीक्षक ने जनपद में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। गिलौला पुलिस ने बताया कि अवैध नशे के कारोबार में लिप्त व्यक्तियों के खिलाफ भविष्य में भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

































