
श्रावस्ती के इकौना-बहराइच-बलरामपुर नेशनल हाईवे बाईपास पर स्थित जनता धर्म कांटा के निकट शुक्रवार शाम करीब 5 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे में यूपी बोर्ड के एक परीक्षार्थी की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, नवीन मॉडर्न थाना क्षेत्र के ग्राम झंझार निवासी 19 वर्षीय नौमान खान पुत्र रफीक खान, लेखपाल चौधरी राम बिहारी इंटर कॉलेज का इंटरमीडिएट छात्र था। उसका परीक्षा केंद्र जेपी आदर्श इंटर कॉलेज, कैलाशपुर में पड़ा था। शुक्रवार को विज्ञान की परीक्षा देकर नौमान अपनी बाइक से घर लौट रहा था। शाम करीब साढ़े पांच बजे जनता धर्म कांटा के पास उसकी बाइक सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल एंबुलेंस की मदद से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, इकौना पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची, लेकिन तब तक परिजन शव को गांव झंझार ले जा चुके थे। थाना प्रभारी परमानंद तिवारी ने बताया कि मामले की जानकारी ली जा रही है। इस हादसे से परिवार में कोहराम मचा है।

































