
श्रावस्ती में गुरुवार को संदिग्ध परिस्थितियों में हुई विवाहिता की मौत के मामले में शुक्रवार को नया मोड़ आ गया। परिजनों द्वारा कटरा बायपास चौराहे पर चक्का जाम कर विरोध प्रदर्शन किए जाने के बाद पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। दोपहर करीब दो बजे शुरू हुआ जाम पुलिस के समझाने-बुझाने के बाद समाप्त हुआ। पुलिस अधिकारियों के आश्वासन के बाद देर शाम करीब 7 बजे शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। देखिए कुछ तस्वीरें… अब जानिए पूरा मामला नवीन मॉर्डन थाना क्षेत्र के मलपुरवा गांव निवासी राधा देवी पत्नी हरिओम जायसवाल की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में शुक्रवार को मायके पक्ष का आक्रोश खुलकर सामने आया। गुरुवार सुबह राधा देवी का शव फांसी के फंदे से लटका मिला था। सूचना पर पहुंचे मायके पक्ष ने हत्या का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी और मुकदमा दर्ज करने की मांग की, लेकिन आरोप है कि तत्काल रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। थाने से हाईवे तक प्रदर्शन घटना के 24 घंटे बाद भी कार्रवाई न होने से नाराज मायके पक्ष के लोग बड़ी संख्या में नवीन मॉर्डन थाने पहुंच गए और मुकदमा दर्ज करने की मांग करने लगे। पुलिस से नोकझोंक के बाद आक्रोशित परिजनों ने थाने से कुछ दूरी पर कटरा बाजार बाईपास चौराहे पर नेशनल हाईवे-730 जाम कर दिया। करीब आधे घंटे तक आवागमन प्रभावित रहा। शव लेकर जा रही पिकअप को रोका इसी दौरान पोस्टमार्टम के बाद शव लेकर आ रही पिकअप को पुलिस ने वैकल्पिक मार्ग से गांव भेजने का प्रयास किया। इसकी जानकारी मिलते ही मायके पक्ष के लोग गांव की ओर पहुंच गए और पिकअप को गांव में प्रवेश से पहले ही रोक लिया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए इकौना सर्किल के कई थानों की पुलिस मौके पर बुलाई गई। शव वाहन कटरा-वीरपुर मार्ग पर काफी देर तक खड़ा रहा। इन लोगों के खिलाफ दर्ज हुआ मुकदमा थाना अध्यक्ष लाल साहब ने बताया कि मृतका के भाई किशोरी लाल की तहरीर पर लालमणि जायसवाल (ससुर), ननके उर्फ महेश (जेठ) और कन्या कुमारी (जेठानी) के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। एफआईआर की नकल मायके पक्ष को सौंपे जाने के बाद परिजन शांत हुए। पति ने दी मुखाग्नि मुकदमा दर्ज होने और नकल मिलने के बाद राधा देवी का अंतिम संस्कार संपन्न हुआ। अंतिम संस्कार में पति हरिओम जायसवाल ने मुखाग्नि दी। पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

































