बस्ती में घनी झाड़ियों में मिला युवक का शव:सड़क किनारे खड़ी मिली साइकिल, शरीर पर चोट नहीं, शिनाख्त की कोशिश जारी

5
Advertisement

बस्ती के कप्तानगंज थाना क्षेत्र में एक अज्ञात युवक का शव घनी झाड़ियों में मिला है। यह घटना पिकौरा सनी गांव के पास मंगलवार को सामने आई, जब मुख्य मार्ग से कुछ दूरी पर शव बरामद हुआ। सूचना मिलते ही ग्रामीण और पुलिस मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने बताया कि मुख्य सड़क किनारे एक साइकिल काफी देर से खड़ी थी, जिससे अनहोनी की आशंका जताई जा रही थी। इसी दौरान पास की झाड़ियों में देखने पर युवक का शव पड़ा मिला। घटना की जानकारी मिलते ही कप्तानगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रथम दृष्टया शव पर किसी गंभीर बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं। मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल पाएगा। पुलिस यह जांच कर रही है कि युवक की मौत दुर्घटना, बीमारी या किसी अन्य वजह से हुई है। थानाध्यक्ष कप्तानगंज आलोक कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि मृतक की पहचान के प्रयास जारी हैं। आसपास के थानों में गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगाली जा रही है और ग्रामीणों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस साइकिल के आधार पर भी युवक की पहचान करने की कोशिश कर रही है।

Advertisement