गौर में खेत में फेंकी गईं दवाइयां:स्वास्थ्य विभाग ने जांच शुरू की, सीएचसी अधीक्षक बोले- मेरे अस्पताल की नहीं

0
1

गौर खंड विकास कार्यालय के पीछे दक्षिण दिशा में स्थित एक खेत में भारी मात्रा में सरकारी दवाइयां मिलने से हड़कंप मच गया। दवाइयां मिलने की सूचना जैसे ही स्वास्थ्य विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों को मिली, मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। फिलहाल अधिकारी मामले की जांच-पड़ताल में जुट गए हैं। मिली जानकारी के अनुसार, जिस स्थान पर दवाइयां पाई गईं, उसके ठीक बगल में सीएचसी गौर संचालित है, जबकि पास ही खंड विकास कार्यालय भी स्थित है। खेत में पड़ी दवाइयों को लेकर स्थानीय लोगों में स्वास्थ्य विभाग और आंगनबाड़ी विभाग के प्रति भारी आक्रोश देखने को मिला। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह दवाइयां या तो सरकारी अस्पताल की होंगी या फिर आंगनबाड़ी केंद्रों में वितरण के लिए आई होंगी, जिन्हें किसी ने लाकर यहां फेंक दिया है। ग्रामीणों ने सवाल उठाया कि अस्पताल में मरीजों को दवाइयां नहीं मिल पा रही हैं, जबकि कीमती सरकारी दवाइयां खुलेआम खेत में फेंकी जा रही हैं। वहीं, सीएचसी अधीक्षक डॉ. भास्कर यादव ने बताया कि खेत में मिली दवाइयां उनके अस्पताल की नहीं हैं। उन्होंने आगे कहा, “यह दवाइयां किसने और कहां से लाकर फेंकी हैं, इसका खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा। सूचना मिलते ही जांच शुरू कर दी गई है और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।”

Advertisement