जमुनहा में परिवार नियोजन जागरूकता को लेकर ‘उम्मीद एक्सप्रेस’ रवाना:मोबाइल वैन के जरिए गांव-गांव पहुंचेगा परिवार नियोजन का संदेश

6
Advertisement

जमुनहा ब्लॉक में परिवार नियोजन के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए ‘उम्मीद एक्सप्रेस’ मोबाइल वैन का संचालन शुरू किया गया है। पॉपुलेशन फाउंडेशन ऑफ इंडिया द्वारा संचालित उम्मीद परियोजना के तहत इस वैन को अधीक्षक डॉ. रावेन्द्र सोनकर ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह मोबाइल वैन ग्रामीण क्षेत्रों में परिवार नियोजन कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार करेगी। इसके तहत फिल्म प्रदर्शन, जिंगल गीत, प्रश्न-उत्तर कार्यक्रम और अन्य जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। सही जवाब देने वाले प्रतिभागियों को प्रोत्साहन स्वरूप इनाम भी दिए जाएंगे। इस अभियान में आशा कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। वे लोगों को परिवार नियोजन से संबंधित सही जानकारी प्रदान करेंगी। इस कार्य के लिए संबंधित आशा कार्यकर्ताओं को अलग से मानदेय भी दिया जाएगा। इस शुभारंभ अवसर पर वीपीएम अब्दुल रहमान, एसटीएस पंकज कुमार शर्मा और पॉपुलेशन फाउंडेशन ऑफ इंडिया से आनंद जी सहित कई अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने बताया कि इस पहल से ग्रामीण क्षेत्रों में परिवार नियोजन के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलेगी।

Advertisement