दैनिक भास्कर की खबर का असर:बस्ती के कटया पंडित पुरवा प्राथमिक विद्यालय परिसर की हुई सफाई

5
Advertisement

बस्ती जनपद के विकासखंड कुदरहा अंतर्गत ग्राम पंचायत मंझरिया के कटया पंडित पुरवा स्थित प्राथमिक विद्यालय परिसर में दैनिक भास्कर द्वारा प्रकाशित खबर के बाद साफ-सफाई की गई है। विद्यालय में व्याप्त गंदगी को लेकर प्रकाशित खबर का असर साफ तौर पर देखने को मिला। 26 जनवरी को दैनिक भास्कर की टीम ने विद्यालय का दौरा किया था। इस दौरान परिसर में जगह-जगह गंदगी के ढेर लगे हुए पाए गए। इस गंभीर समस्या को लेकर 27 जनवरी को समाचार पत्र में प्रमुखता से खबर प्रकाशित की गई थी। खबर प्रकाशित होने के तुरंत बाद संबंधित विभाग हरकत में आया। 28 जनवरी की सुबह कटया क्षेत्र में तैनात सफाई कर्मी विद्यालय पहुंचे और पूरे परिसर की साफ-सफाई का कार्य शुरू कर दिया। विद्यालय परिसर में साफ-सफाई देखकर छात्र-छात्राओं के साथ-साथ उनके अभिभावकों में भी खुशी का माहौल देखा गया। लोगों ने मीडिया की इस सकारात्मक भूमिका की सराहना की। इस संबंध में प्रधान प्रतिनिधि ने बताया कि ग्राम पंचायत में सफाई कर्मी नियमित रूप से अपनी ड्यूटी करते हैं और स्वच्छता को लेकर हमेशा विशेष ध्यान दिया जाता है।

Advertisement