मूसलाधार बारिश के बाद सादुल्लाह नगर में जलभराव:स्कूल जाने वाले बच्चों को हो रही परेशानी, प्रशासन से लगाई गुहार

7
Advertisement

बलरामपुर जिले के सादुल्लाह नगर क्षेत्र में बुधवार को हुई मूसलाधार वर्षा के बाद सड़कों पर जलभराव हो गया है। सादुल्लाह नगर-रेहराबाजार मुख्य मार्ग से जखौली, इटई अब्दुलाह, मदरवा और चपरतलवा को जोड़ने वाली संपर्क सड़कें झील में तब्दील हो गई हैं। घुटनों तक भरे पानी के कारण राहगीरों को आवाजाही में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस जलभराव से सबसे अधिक समस्या आधा दर्जन से अधिक स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों को हो रही है। इन छात्रों को प्रतिदिन इसी जलमग्न रास्ते से होकर गुजरना पड़ता है। साइकिल और पैदल जाने वाले कई छात्र फिसलकर चोटिल हो चुके हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने के कारण हल्की बारिश में भी सड़कें तालाब बन जाती हैं। क्षेत्रीय निवासी दिलीप ओझा, अनिल तिवारी, बरकतुल्लाह, रमेश चौहान, अतहर अली और श्याम नारायन यादव सहित अन्य ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और संबंधित विभाग से इस समस्या के समाधान की मांग की है।
Advertisement