सादुल्लानगर में झपटमारी करने वाला गिरफ्तार:4 हजार रुपए बरामद, आरोपी पर दर्ज हैं कई मुकदमे

8
Advertisement

बलरामपुर के सादुल्लानगर थाना क्षेत्र में बैंक से रुपये निकालकर लौट रहे एक व्यक्ति से हुई झपटमारी की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में फरार चल रहे एक वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया है, जिसके पास से लूटी गई नकदी बरामद हुई है। अचलपुर धाट निवासी कल्लू पुत्र जानकी प्रसाद ने 6 जून 2025 को सादुल्लानगर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि इंडियन बैंक, रामपुर अरना बाजार से ₹30 हजार निकालकर लौटते समय दो अज्ञात बदमाशों ने उनके झोले से रकम छीन ली थी। पुलिस ने इस शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। बलरामपुर पुलिस अधीक्षक विकास कुमार के निर्देश पर, अपर पुलिस अधीक्षक विशाल कुमार पाण्डेय और क्षेत्राधिकारी उतरौला राघवेन्द्र सिंह के पर्यवेक्षण में, थानाध्यक्ष सत्येन्द्र वर्मा के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई। इस टीम ने बुधवार को वांछित अभियुक्त मंगल उर्फ तुफानी पुत्र रामनिहाल, निवासी ग्राम लबदहा, थाना हर्रैया, जनपद बस्ती को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से झपटमारी के ₹4,000 नकद बरामद हुए हैं। पुलिस ने बताया कि इस मामले में अभियुक्त का एक साथी प्रीतम कुमार गौतम पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। प्रीतम के पास से पूर्व में ₹4,270 बरामद किए गए थे। पूछताछ में मंगल उर्फ तुफानी ने खुलासा किया कि वे अपने साथी के साथ मिलकर बैंक से रुपये निकालने वाले लोगों पर नज़र रखते थे और मौका मिलते ही वारदात को अंजाम देते थे। उसने बताया कि शेष रकम खर्च हो चुकी है। गिरफ्तार अभियुक्त मंगल उर्फ तुफानी के खिलाफ विभिन्न थानों में चोरी, लूट, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट और गैंगस्टर एक्ट सहित तीन दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर अभियुक्त को न्यायालय में पेश किया। इस गिरफ्तारी टीम में उप निरीक्षक महेंद्र यादव, हेड कांस्टेबल पवन यादव और कांस्टेबल अमित कुमार शामिल थे।
यहां भी पढ़े:  बहराइच में भीमराव अंबेडकर की पुण्यतिथि पर आयोजन: भीम आर्मी कार्यकर्ताओं ने दी श्रद्धांजलि, कमजोर वर्गों को उनके अधिकार दिलाने की कोशिश - Bahraich News
Advertisement