
श्रावस्ती के इकौना बाईपास पर शुक्रवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में इंटरमीडिएट के छात्र की मौत हो गई।दरअसल एक अज्ञात तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार छात्र को सामने से टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल छात्र को सीएचसी इकौना ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक छात्र की पहचान थाना नवीन मॉडर्न क्षेत्र के ग्राम झंझार निवासी 19 वर्षीय नोमान खान के रूप में हुई है। वह कटरा स्थित चौधरी राम बिहारी इंटर कॉलेज का छात्र था और कैलाशपुर स्थित जेपी आदर्श इंटर कॉलेज में इंटरमीडिएट का बोर्ड परीक्षा दे रहा था। नोमान बीते शुक्रवार को विज्ञान विषय की परीक्षा देकर बाइक से अकेले घर लौट रहा था। तभी घर से लगभग आठ किलोमीटर पहले बलरामपुर से बहराइच जा रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उसे सामने से टक्कर मार दी। स्थानीय लोगों की मदद से नोमान को तुरंत सीएचसी इकौना पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर परिजन अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने बताया कि अज्ञात ट्रक चालक की तलाश की जा रही है और मामले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है। हादसे के दुख के चलते परिजन कुछ भी नहीं बता पा रहे, वहीं स्थानीय लोगों की माने तो नोमान छह भाइयों में पांचवें नंबर पर था। उसके पिता लेखपाल थे और करीब डेढ़ महीने पहले ही सेवानिवृत्त हुए थे। बताया जा रहा है कि नोमान का शायद अगला दिन आखिरी पेपर था। लेकिन उससे पहले ही दर्दनाक हादसे में उसकी मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने बताया कि नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार वाहनों के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने प्रशासन से हाईवे पर सख्त निगरानी और तेज रफ्तार वाहनों पर कार्रवाई की मांग की है।











































