
श्रावस्ती के नवीन मॉडर्न थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे 730 पर समय माता मंदिर के पास गन्ने से लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। इस हादसे में ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के अनुसार, बलरामपुर जनपद के देहात कोतवाली क्षेत्र के टेंगनहिया निवासी 32 वर्षीय तीर्थ राम उर्फ दीपक पुत्र अलख राम ट्रक चला रहा था। वह कटरा की ओर से गन्ना लादकर बलरामपुर चीनी मिल जा रहा था। समय माता मंदिर के पास पहुंचते ही ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों और घायल चालक के परिजनों ने तुरंत एंबुलेंस की मदद से उसे इकौना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद, चालक की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर कर दिया।











































