
श्रावस्ती जिले के नासिरगंज कस्बे के ग्राम महादेवा में नालियों के किनारे कचरा जमा होने से ग्रामीणों को गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। गंदगी के कारण तीव्र दुर्गंध फैल रही है, जिससे स्थानीय लोग परेशान हैं। ग्राम महादेवा निवासी मसर्रत ने बताया कि नालियों के किनारे अत्यधिक गंदगी जमा होने के कारण तीव्र दुर्गंध फैल रही है, जिससे बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। एक अन्य ग्रामीण आरिफ खान ने भी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि इस गंदगी से उनके स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। महादेवा निवासी करीम सिद्दीकी का कहना है कि नालियों की सफाई के बाद कचरा नाली के किनारे ही पड़ा रहता है, जिससे तेज दुर्गंध आती है। यही कचरा फिर से नाली में पट जाता है, जिससे समस्या बनी रहती है। ग्रामीणों बन्ने, पुत्तन, आकिल और शीबू सहित कई अन्य लोगों ने स्थानीय प्रशासन से इस समस्या का तत्काल समाधान करने की मांग की है। उन्होंने गांव की नालियों और उनके आसपास जमा कचरे की नियमित सफाई कराने की अपील की है, ताकि उन्हें इस गंभीर परेशानी से राहत मिल सके। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि संतोष गुप्ता ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही नाली के किनारे पर पड़े कचरे की साफ-सफाई कराई जाएगी।











































