
श्रावस्ती। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने राजकुमार यादव को सिरसिया मंडल का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है। उनकी यह नियुक्ति प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी की संस्तुति पर की गई है। राजकुमार यादव श्रावस्ती जिले के सिरसिया ब्लॉक स्थित ताल बघौड़ा गांव के निवासी हैं। वह पूर्व में सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के जवान के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। अपनी नियुक्ति के बाद राजकुमार यादव को भाजपा जिला कार्यालय में सम्मानित किया गया। इस अवसर पर पूर्व सांसद और वर्तमान जिला पंचायत अध्यक्ष मिश्रा, भाजपा जिलाध्यक्ष मिश्रीलाल वर्मा, जिला मीडिया प्रभारी संजू और पूर्व जिलाध्यक्ष उदय प्रकाश त्रिपाठी सहित कई प्रमुख कार्यकर्ताओं ने उन्हें मिठाई और पुष्पगुच्छ भेंट कर बधाई दी। राजकुमार यादव के किसान परिवार से संबंध रखने के कारण उनके मंडल अध्यक्ष बनने पर तालबघौड़ा और आसपास के क्षेत्रों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। इस अवसर पर राजकुमार यादव ने प्रदेश और जिला स्तर के पार्टी कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वह अपनी नई जिम्मेदारी का ईमानदारी से निर्वहन करेंगे और गरीब, पिछड़े तथा वंचित लोगों को न्याय दिलाने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे।










































